लाइफ केयर हॉस्पिटल में जिम्मी मगिलिगन स्मृति स्वस्थ जीवन पर संगोष्टि 

Apr 19, 2026 - 20:21
लाइफ केयर हॉस्पिटल में जिम्मी मगिलिगन स्मृति स्वस्थ जीवन पर संगोष्टि 

जिम्मी मगिलिगन स्मृति ससटेनेबल डेवलपमेंट सप्ताह के अन्तर्गत, लाइफ़ केयर हॉस्पिटल वं लाइफ़ केयर हेल्थ फिटनेस के के संयुक्त तत्वावधान में आज " लोगों और पर्यावरण के स्वास्थ्य के लिए ऑर्गनिक फ़ूड और प्रदूष्णमुक्त जीवन " विषय पर एक संगोष्टि का आयोजन किया गया। 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पद्मश्री सम्मानित डॉ जनक पलटा मगिलिगन की गरिमामयी उपस्थिति रही। अपने सारगर्भित संबोधन में उन्होंने संयमित एवं प्रकृति-आधारित जीवनशैली अपनाने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने बताया कि वे कई वर्षों से आदिवासी महिलाओं के साथ ऑर्गेनिक जीवनशैली पर कार्य कर रही हैं और इस प्रयास के परिणामस्वरूप आज वे महिलाएँ आत्मनिर्भर है और जनक दीदी केवल दो–तीन आवश्यक वस्तुओं को छोड़कर लगभग सभी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति स्वयं प्राकृतिक एवं स्थानीय संसाधनों से कर लेती हैं। उन्होंने कहा कि ऑर्गेनिक जीवनशैली अपनाकर न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य बेहतर बनाया जा सकता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। 

इस अवसर पर डॉ ब्रजबाला तिवारी ,स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं बांझपन विशेषज्ञ ने महिलाओं के स्वास्थ्य, परिवार की समग्र सेहत तथा आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए ऑर्गेनिक भोजन के महत्व पर विस्तृत एवं प्रभावशाली प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि संतुलित एवं शुद्ध भोजन स्वस्थ समाज की आधारशिला है और प्रदूषण-मुक्त जीवनशैली अपनाकर अनेक जीवनशैली-जनित रोगों से बचा जा सकता है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ विख्यात हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ भरत रावत ने भी संबोधित करते हुए स्वस्थ हृदय के लिए आवश्यक जीवनशैली संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, तनाव नियंत्रण तथा प्रदूषण मुक्त , ज़ीरोवेस्ट जीवन को हृदय स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक बताया। 

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा विषय के प्रति गहरी रुचि दिखाई। यह आयोजन समाज में स्वास्थ्य जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ। आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य एवं जागरूकता का संदेश निरंतर पहुँचाया जाता रहेगा।