जिम्मी मगिलिगन की 15 वीं पुण्यतिथि पर सेवा और संकल्प सप्ताह का सर्वधर्म प्रार्थना से समापन
'ऑर्डर ऑफ ब्रिटिश एम्पायर' से सम्मानित और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पित , जिम्मी मगिलिगन की 15 वीं पुण्यतिथि को 'सस्टेनेबल डेवलपमेंट सप्ताह' के रूप में मनाया गया। सात दिनों तक चले इस आयोजन का उद्देश्य पद्मश्री (श्रीमती) डॉ. जनक पलटा मगिलिगन के पति जिम्मी मगिलिगन के प्रकृति-प्रेम और उनके पदचिह्नों पर चलते हुए समाज को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना रहा। सप्ताह का शुभारंभ एक भव्य सोलर कुकिंग फूड फेस्टिवल के साथ हुआ, जिसमें लगभग 60-70 लोगों ने सोलर कुकिंग करके सामुहिक खाना बनाया और उसका आनंद लिया। इस दौरान प्रतिभागियों ने सौर ऊर्जा के उपयोग और सोलर कुकिंग की तकनीक को बारीकी से सीखा। इसके पश्चात एक्रोपोलिस कॉलेज, वैष्णव कॉलेज ,वरुण रहेजा सोलर फ़ूड, लाइफ केयर हॉस्पिटल और देवी अहिल्या विश्विद्यलय के पत्रकारिता और जनसंचार विभाग सहित शहर के विभिन्न संस्थानों और स्थानों पर संगोष्ठियों का आयोजन किया गया, जिनमें जल संरक्षण, प्रदूषण मुक्त पर्यावरण, जैविक खाने और सोलर कुकिंग जैसे विषयों पर व्यापक चर्चा हुई।
आयोजन के दौरान पद्मश्री (श्रीमती) डॉ. जनक पलटा मगिलिगन ने बताया कि उनके पति जिम्मी मगिलिगन का पूरा जीवन सस्टेनेबल डेवलपमेंट को समर्पित था। उन्होंने साझा किया कि वह भी पिछले 41 वर्षों से लोगों को नि:शुल्क सस्टेनेबल जीवन जीना सिखा रही हैं। पद्मश्री (श्रीमती) डॉ. जनक पलटा मगिलिगन ने इस जीवनशैली में 'जीरो वेस्ट', अपना भोजन स्वयं उगाने और अपनी आयु के बराबर पौधे लगाने जैसी आदतों पर विशेष जोर दिया, जिसे अब बच्चे भी उत्साहपूर्वक सीखकर अपना रहे हैं। कई वर्षों से अकेले रहकर इस मिशन को आगे बढ़ा रहीं डॉ. पल्टा के साथ इस कार्यक्रम में उनके माता-पिता के परिवार के सदस्य, फाउंडेशन के ट्रस्टी वीरेंद्र गोयल, अनुराधा दुबे और आभा पलटा तिवारी और उनके पति डॉ. अनुराग तिवारी भी उपस्थित रहे।
इस मुख्य कार्यक्रम का स्वरूप आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रहा। कार्यक्रम की शुरुआत तपन मुखर्जी दादा के शंखनाद और वीरेंद्र गोयल द्वारा ओम के उच्चारण से हुई। इसके पश्चात सुभाष पल्टा ने अतिथियों का स्वागत किया और पद्मश्री (श्रीमती) डॉ. जनक पलटा ने जिम्मी मगिलिगन की याद में विशेष प्रार्थना की। कार्यक्रम में पूनम पल्टा और नीलम वर्मा ने बहाई प्रार्थनाएं कीं, जबकि वंदना बत्रा, अरुण वर्मा ने भजनों की सुमधुर प्रस्तुति दी। अद्वय तिवारी और अनुराग तिवारी ने गायत्री मंत्र का पाठ किया |
इस अवसर पर अनुराग शुक्ला और राजेंद्र ऊचानी ने श्रीमद्भागवत गीता के श्लोकों का पाठ किया, वहीं परविंदर सिंह भाटिया और गुरबख्श ने गुरु ग्रंथ साहिब से गुरुवाणी का पाठ कर सर्वधर्म सद्भाव का संदेश दिया।
साहित्यिक और संगीतमय प्रस्तुतियों की कड़ी में सुष्मिता भट्टाचार्य ने जिम्मी मगिलिगन से सोलर ऊर्जा की प्रेरणा लेकर एक कविता का पाठ किया। इसके साथ ही डॉ. ललिता शर्मा, हातिम अनंत, प्रिया शर्मा, फाजली परिवार, चंदा निखारे और डॉ. प्रकाश कौशल ने बहाई पवित्र लेखों का पाठ किया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण भारतीय संगीत गुरु और पंचम निषाद की संस्थापिका शोभा चौधरी और संतोष अग्निहोत्री के हारमोनियम की संगत उनकी पूरी मंडली द्वारा की गई राम स्तुति का संकीर्तन रहा। अंत में सभी आगंतुकों का आभार आभा पलटा तिवारी द्वारा व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के पश्चात सभी ने मिलकर सहभोज किया | उल्लेखनीय है कि गिरीदर्शन में पिछले 15 साल की तरह यह कार्यक्रम भी पूर्णत कचरामुक्त और प्रदूषण मुक्त रहा |

